Tuesday, August 16, 2011

बाढ़ की संभावनाएँ

 


बाढ़ की संभावनाएँ सामने हैं
और नदियों के किनारे घर बने हैं ।

चीड़-वन में आँधियों की बात मत कर
इन दरख्तों के बहुत नाज़ुक तने हैं ।

इस तरह टूटे हुए चेहरे नहीं हैं
जिस तरह टूटे हुए ये आइने हैं ।

आपके क़ालीन देखेंगे किसी दिन
इस समय तो पाँव कीचड़ में सने हैं ।

जिस तरह चाहो बजाओ इस सभा में
हम नहीं हैं आदमी, हम झुनझुने हैं ।

अब तड़पती-सी ग़ज़ल कोई सुनाए
हमसफ़र ऊँघे हुए हैं, अनमने हैं ।

-दुष्यन्त कुमार

हो गई है पीर पर्वत


हो गई है पीर पर्वत-सी पिघलनी चाहिए
इस हिमालय से कोई गंगा निकलनी चाहिए।

आज यह दीवार, परदों की तरह हिलने लगी
शर्त लेकिन थी कि ये बुनियाद हिलनी चाहिए।

हर सड़क पर, हर गली में, हर नगर, हर गाँव में
हाथ लहराते हुए हर लाश चलनी चाहिए।

सिर्फ हंगामा खड़ा करना मेरा मकसद नहीं
सारी कोशिश है कि ये सूरत बदलनी चाहिए।

मेरे सीने में नहीं तो तेरे सीने में सही
हो कहीं भी आग, लेकिन आग जलनी चाहिए।
                                    -दुष्यन्त कुमार

Friday, July 29, 2011

दो घंटे, दो कप चाय, दो प्रकरण, नतीजा सिफर


     तहसीलदार के कार्यालय का आंखों देखा हाल
     
                   ----------------------
          होठों पर गहरी लिपस्टिक,  लिपा-पुता चेहरा, करीने से साड़ी पहने हुई एक महिला नेत्री तहसीलदार के कार्यालय में आकर्षक भाव भंगिमाओं के साथ प्रवेश करती है। अपनी मस्त अदाओं से मानो तहसीलदार को सम्मोहित कर रही हो। उसके साथ आयी एक दर्जन अन्य महिलाओं के होठों पर भी गहरी लिपस्टिक लगी थी। महिला नेत्री तहसीलदार को अपने क्षेत्र की समस्या ऐसे बताने लगी, जैसे कोई सुंदरी अपने प्रेम जाल में फंसाने के लिए प्रपंच रच रही हो। महिला के प्रश्नों के जवाब भी सुडौल व आकर्षक दिखने वाले तहसीलदार भी अनूठे अंदाज में दे रहे थे।
महिला नेत्री ने पूछा, सर फोटो पहचान पत्र नहीं बन रहे हैं।
तहसीलदार बोले- मैडम आप जानती हैं। फोटो पहचान पत्र न शासन बनाता है और न प्रशासन। निर्वाचन आयोग बनाता है।
इस जवाब पर महिला नेत्री अभिनेत्री की तरह पीछे मुड़ी बोली, समस्या और भी है। झट से बोली, राशन सभी को नहीं मिलता है, तो यह राशन कहां जाता होगा?
तुरंत तहसीलदार ने एक अधिकारी को फोन किया, कारण जानना चाहा। उनके चेहरे के हाव-भाव से लग रहा था कि मानो समस्या अत्यधिक जटिल है। इसका समाधान खोजना तहसील स्तर तो छोडिय़े जिला स्तर पर भी संभव नहीं।
हाजिरजवाब तहसीलदार को कोई न कोई जवाब तो देना ही था, बोले, अगली बार जब आप शिकायत करने आयेंगी, तब आसपास के क्षेत्र की भी समस्या पता कर लेना। हो सकता है, यह समस्या केवल आप की ही नहीं, बल्कि सभी लोगों की हो, तब आप खुद समझ सकती हैं।
कुशल प्रशासक के तौर पर तहसीलदार के इस अजीबोगरीब उत्तर से भले ही महिला नेत्री व उसके साथी आपस में बड़बड़ाते हुए दरवाजे से बाहर चली गयी। इससे तहसीलदार की बला तो टल गयी लेकिन समस्या का समाधान तो नहीं हुआ। इतने में गहरी सांस लेते हुए तहसीलदार बोले- समस्या ट्रांसफर हो गयी यानि कि बला टल गयी। इतने में महिला नेत्री के गांव के ग्राम प्रधान भी वहां मौजूद थे, वह बोल पड़े, समस्या तो है, समाधान इतना आसान नहीं। दुकानदार भी मक्कार है।
दूसरा प्रकरण: तहसीलदार से जान-पहचान के चलते मैं भी एक कार्य के लिए उनके पास गया था। पत्रकार होने के नाते उन्होंने मुझे अपने निकट की कुर्सी पर बैठाया। तुरंत चाय का आर्डर दिया। मैंने भी उन्हें एक साथी के भाई का स्थायी निवास प्रमाण पत्र प्राप्त करने के लिए रसीद दी। उन्होंने कार्य होने का भरोसा जताया। खैर, मैं भी आश्वस्त था कि जब उनके निकट बैठा हूं तो कार्य हो ही जाएगा। बातचीत, लोगों की समस्या सुनने के साथ ही एक घंटा कब व्यतीत हुआ पता ही नहीं चला, फिर मैंने कार्य के बारे में पूछा। तहसीलदार बोले, हां, हां जोशी जी कार्य हो जाएगा। फिर उन्होंने चाय का आर्डर दिया। इस बीच मेरी जैसी समस्या के दर्जनों लोग आये। उनको तीन बजे बाद आने को कह दिया गया था। जब दूसरी कप चाय पी ली तो मैंने कहा, भाईसाब बताइये, अभी और कितना समय लगेगा? उन्होंने कहा, जोशी जी आप मुझे साढ़े चार बजे फोन करें। मैं आपको बता दूंगा। कार्य होने की प्रत्याशा में मैं वहां से चल दिया। मैंने साढ़े चार बजे फोन किया तो साहब मिटिंग में थे। छह बजे फिर फोन किया तो उन्होंने बताया, भाई एसडीएम साहब रामनगर से सात बजे चलेंगे। मैंने पूछा, भाईसाहब, कल देहरादून में सुबह 10 से काउंसिलिंग है। इसके लिए स्थायी निवास प्रमाण पत्र की आवश्यकता है। शाम को आठ बजे ट्रेन है। अब कैसे होगा? उन्होंने कहा एफिडेविट लगा दीजिए, 10 दिन के भीतर जारी कर दूंगा।
तहसीलदार की स्मार्टनेस से मैं तो उनसे अधिक तो कुछ नहीं कह सका लेकिन अपने राज्य की विसंगतियों पर सोचने को मजबूर हो गया। पहले पटवारियों के हड़ताल के चलते स्थायी निवास प्रमाण पत्र नहीं बना था, जब जरुरत थी मुझ जैसे तमाम लोग तहसील पहुंचे। उन्हें उस दिन स्थायी निवास प्रमाण पत्र हासिल करना जरूरी था। दिन भर लोगों ने माथापच्ची की। जब निराशा मिली तो शाम को काउंसिलिंग के लिए देहरादून की ओर चल दिये। दो घंटे में दो कप चाय और दो प्रकरण तो महज बानगी भर हैं। इस तरह के करीब एक दर्जन से अधिक प्रकरण इस बीच में मेरे आंखों के सामने से गुजरे। अधिकांश समस्याओं में समाधान तो नहीं लेकिन लोगों का समय बर्बाद हो गया।
भारत में अज्ञानता भी एक बड़ी वजह है, इस बीच कई ऐसे लोग वहां पहुंचे, जिन्हें दूसरे अधिकारियों व कर्मचारियों के पास जाना था, वे तहसीलदार से अनावश्यक बहस कर रहे थे। इस तरह के बेमतलब व अनावश्यक बहस से तहसीलदार की खीज भी स्वाभाविक प्रतीत हो रही थी।
               जय हिन्द

Friday, July 22, 2011

मीडिया: करे कोई, भरे कोई


       समाज में चौथा स्तंभ का दर्जा हासिल है मीडिया को। बहुत पावरफुल है मीडिया। मीडिया की आड़ में कुछ भी किया जा सकता है। खासकर ऐसा कार्य, जिसे सामान्य तरीके से अंजाम नहीं दिया जा सकता है। इसमें भले ही किसी तरह का कुकृत्य हो या दलाली। इस तरह का अवैध कार्य केवल बड़े शहरों में ही नहीं बल्कि छोटे-छोटे शहरों में भी मीडिया की आड़ में धड़ल्ले से हो रहा है। कुमाऊं का प्रमुख शहर हल्द्वानी भी इसकी चपेट में है। पिछले दिनों सहायक पुलिस अधीक्षक पी रेणुका देवी ने एक सैक्स रैकेट का पर्दाफाश किया। शहर की अच्छी-खासी आबादी वाले कॉलोनी में लंबे समय से जिस्मफरोशी का धंधा चल रहा था। जब इस धंधे में लिप्त महिला संचालक को पकड़ा तो उसने खुलेआम इलेक्ट्रानिक मीडिया से जुड़े एक पत्रकार का नाम लिया। उसने यहां तक कह डाला कि यह पत्रकार पैसा तो लेता था, साथ ही जिस्मफरोशी के धंधे में भी था। इसमें कुछ पुलिस कर्मी भी संलिप्त थे। खबर शहर के सभी प्रमुख समाचार पत्रों में प्रमुखता से प्रकाशित हुई, लेकिन खबरों में संबंधित पत्रकार का नाम नहीं लिखा गया। इसके चलते मीडिया कर्मी एक दूसरे से संबंधित मीडिया कर्मी के बारे में जानने को उत्सुक रहे। पूरे कुमाऊं में इस तरह की चर्चा रही कि आखिर मीडिया कर्मियों को ऐसा करने की क्या जरुरत आन पड़ी होगी। जब समाज के बुद्धिजीवी वर्ग की श्रेणी में आने वाले लोगों पर ऐसे आरोप लगेंगे तो, इससे मीडिया के प्रति समाज में क्या संदेश जाएगा? क्योंकि इस तरह के कुकृत्य से लेकर दलाली तक के कार्य कुछ तथाकथित लोग मीडिया के आड़ में करते रहते हैं। ऐसे ही लोग अक्सर अपने को पत्रकार होने का दंभ भरते रहतेे हैं। हेकड़ी दिखाकर किसी को डराते हैं तो किसी से वसूली कर लेते हैं। इस तरह के चंद लोगों से मीडिया की साख पर प्रश्न चिन्ह लग रहा है। ऐसे कथित मीडिया कर्मियों पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस-प्रशासन भी आगे नहीं आता है। क्योंकि, ऐसे कथित मीडियाकर्मी पुलिस व प्रशासन के अपने जैसे ही भ्रष्ट लोगों के साथ सांठगांठ किये रहते हैं, जिसके चलते मनमाफिक कार्य को अंजाम दिया जा सके।

Friday, April 22, 2011

पुस्तकों की दुनिया से विमुख होती युवा पीढ़ी



पुस्तकें ज्ञान का खजाना होती हैं, व्यक्ति की सच्ची दोस्त होती हैं। जीवन को परिवर्तित करने की क्षमता रखती हैं। बेहतर जीवन के साथ ही व्यक्तित्व विकास में सहायक होती हैं। ज्ञान, मनोरंजन व अनुभव से हमें दुनिया की सैर कराती हैं। विडंबना यह है कि वर्तमान में युवा पीढ़ी का रुझान पुस्तकों के अध्ययन के बजाय कहीं और ही हो गया है।
यूनेस्को ने 23 अप्रैल वर्ष 1995 में अध्ययन, प्रकाशन और कॉपीराइट को बढ़ावा देने के लिए वल्र्ड बुक एंड कॉपीराइट डे मनाने की शुरूआत की थी। इसके बाद वर्ष 2001 से भारत सरकार ने भी विश्व पुस्तक दिवस मनाना शुरू किया था। भारत में भी लोगों में पढऩे के लिए रुचि जगाने के लिए पुस्तक दिवस मनाना शुरू किया। लेकिन बाजारीकरण के इस दौर में खासकर युवा पीढ़ी में किताबों के प्रति रुचि अत्यंत कम हो गयी है। जिस तरह इंटरनेट, कार्टून, वीडियो गेम, टेलीविजन के प्रति युवा पीढ़ी का रुझान हद से ज्यादा बढ़ गया है, उससे तो बुद्धिजीवी वर्ग भी चिंतित होने लगा है। इसके लिए समाज में अध्ययन के प्रति रुचि बढ़ाने पर जोर दिया जाने लगा है। साहित्यकार अशोक पाण्डे का कहना है कि किताब पढऩा संस्कार है। पहले जिस तरह घर के बड़े सदस्य पुस्तकें पढऩे को प्रेरित करते थे, आज ऐसा नहीं दिख रहा है। देश में ही 200 से अधिक साहित्य की लघु पत्रिकाओं का निरंतर प्रकाशन हो रहा है। लोग इन पत्रिकाओं के बजाय बच्चों के लिए महंगे खिलौने खरीदना उचित समझते हैं। प्रसिद्ध भाषाविद् पद्मश्री प्रो.डीडी शर्मा का कहना है कि बच्चों में पढऩे के प्रति विशेष रुचि जगाने की आवश्यकता है। थॉट्स पुस्तक केन्द्र के पुस्तक विक्रेता भुवन भट्ट का कहना है कि युवा पीढ़ी में नाममात्र के ही बच्चे जासूसी, प्रेम पर आधारित उपन्यास खरीदने आते हैं। इससे लगता है कि निश्चित ही युवाओं में पढऩे का रुझान कम हुआ है। पुस्तक विक्रेता अरुण कुमार पाण्डे का कहना है कि कुछ ही बच्चे मोटिवेशन से संबंधित पुस्तकें खरीदते हैं। बाकी 30-35 वर्ष से अधिक उम्र के लोग ही साहित्यिक पुस्तकें खरीदते हैं।