Wednesday, February 23, 2011

खो गया इंसान

मंजिल का नहीं ज्ञान,
सस्कारो से अंजान,
चकाचौध में जीने को,
भटक रहा इन्सान.
परपीड़ा से विमुख,
संवेदना हुई क्षीण,
अनन्त की चाहत में,
छटपटा रहा इन्सान.
स्वयं को गया भूल,
चिंता नहीं चिता की,
आपाधापी की जिंदगी में,
खो गया इंसान.




Sunday, February 20, 2011

अस्तित्व को छटपटाती उत्तराखंड की बोलियां


    जिस तरह से राज्य में पर्वतीय क्षेत्रों से पलायन बढ़ रहा है और बाजार पर वैश्वीकरण व पाश्चात्यीकरण का प्रभुत्व हो गया है, उससे उत्तराखंड की बोलियां भी अपने अस्तित्व को छटपटाने लगी हैं। संयुक्त राष्ट्र संघ ने भी कहा है कि कुमाऊंनी व गढ़वाली बोलियां विलुप्त होने के कगार पर हैं। इन्हें लिपिबद्ध करने के लिए राज्य गठन के 10 वर्षों में भी सरकार ने ध्यान देने की कोई जरूरत नहीं समझी।
अंतर्राष्ट्रीय मातृ भाषा दिवस को लेकर उत्तराखंड से जुड़े चंद लोग अपनी मातृ भाषा कुमाऊंनी, गढ़वाली व जौनसारी को बचाने के लिए सोशल नेटवर्किंग साइट्स में माहौल बनाने का प्रयास तो कर रहे हैं, लेकिन हकीकत में अभी तक इन बोलियों की कोई लिपि तक नहीं बन सकी है। स्थिति यह है कि यह बोलियां अपने अस्तित्व के लिए ही कसमसा रही हैं। चंद कवियों, लेखकों व ब्लागरों के जरिये इन बोलियों को सहेजने के साथ ही युवा पीढ़ी तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। लेकिन इसमें राज्य सरकार कोई विशेष पहल करती हुई नजर नहीं आ रही है। हालांकि उत्तराखंड में दर्जनों बोलियां हैं, जिनमें कुमाऊंनी, गढ़वाली व जौनसारी प्रमुख हैं। इन्हें संविधान की आठवीं अनुसूची में शामिल किये जाने की आवश्यकता पर भी जोर दिया जा रहा है। इनमें से किसी भी बोली को लिपिबद्ध नहीं किया गया है। धाद संस्था इन बोलियों के संरक्षण के लिए प्रयासरत है। 25 वर्ष पूर्व स्थापित संस्था ने पत्रिका निकालकर कार्य शुरू किया था। दूर-दराज क्षेत्रों में गढ़वाली व कुमाऊंनी कवि सम्मेलनों का आयोजन किया, जो अब भी जारी है। धाद के समन्वयक तन्मय ममगईं बताते हैं कि इसके लिए समय-समय पर कवि सम्मेलन व भाषा पर विमर्श किया जा रहा है।
वरिष्ठ साहित्यकार लक्ष्मण सिंह बिष्ट बटरोही कहते हैं कि क्षेत्रीयता को ध्यान में रखते हुए सरकार का दायित्व बन जाता है कि क्षेत्रीय भाषाओं को संरक्षित करने में योगदान दे। उत्तराखंड में थारुों, वनरावतों व भोटिया जनजातियों की बोलियां अस्तित्व में नहीं हैं तो इसके लिए भी दोषी राज्य सरकार है। संस्कृत को द्वितीय राजभाषा का दर्जा देने के बजाय कुमाऊंनी व गढ़वाली को द्वितीय राजभाषा का दर्जा मिलना चाहिये।  अनुवादक व कवि अशोक पाण्डे कहते हैं कि सबसे पहले कुमाऊंनी व गढ़वाली बोलियों को लिपिबद्ध करने की आवश्यकता है। इसके लिए सरकार के अलावा लोग भी उदासीन हैं। यही नहंी अपनी बोली को सार्वजनिक रूप में बोलने में लोग  शर्म महसूस करते हैं।
साहित्यकार दिनेश कर्नाटक कहते हैं कि मातृभाषा को शिक्षा के साथ जोड़ा जाना चाहिये। अगर बच्चों को स्कूल में इन भाषाओं को पढ़ाया जाएगा तो इनका भविष्य भी उज्ज्वल होगा।
कुमाऊंनी कवि जगदीश जोशी कहते हैं कि कुमाऊंनी ही नहीं हिन्दी पर ही संकट दिख रहा है। इसे संरक्षित करने के लिए युवाओं को प्रोत्साहित करने की जरूरत है।
=====================
वर्ष 2000 से मनाया जाता है यह दिवस
  भाषाई स्वीकृति के लिए पहला आंदोलन ढाका में बंगला भाषा के लिए हुआ था। लोग सड़कों पर उतर आये थे। इसमें कई प्रदर्शनकारी शहीद हो गये थे। इसको ध्यान में रखते हुए यूनेस्को महासभा ने नवंबर 1999 में विश्व की उन भाषाओं के संरक्षण व संवर्धन के लिए वर्ष 2000 से प्रतिवर्ष 21 फरवरी को अंतरराष्ट्रीय मातृ भाषा दिवस मनाने का निश्चय किया गया।

Friday, February 18, 2011

सिनेमा की यर्थाथता के पक्षधर थे निर्मल


बैडिंट क्वीन के विक्रम मल्लाह से मिली प्रसिद्धि

         पर्वतीय संस्कृति के लिए चिंतित रहने वाले और हिन्दी सिनेमा में वास्तविकता के पक्षधर निर्मल पाण्डे उत्तराखंड के लिए गौरव थे। बॉलीवुड की रपटीली दुनिया में अपना मुकाम हासिल कर चुके थे। अपने अभिनय कला से दर्शकों का ध्यान आकर्षित करने की कला में निपुण हो गये थे। लेकिन प्रतिभावान अभिनेता की दिलकश आवाज केवल 46 वर्ष में ही खामोश हो गयी। उनका अकस्मात् जाना हर किसी को स्तब्ध कर गया था। 18 फरवरी को उनकी पहली पुण्यतिथि होगी।
मध्यवर्गीय परिवार में मूल रूप से द्वाराहाट के पान गाँव के निर्मल पाण्डे का जन्म 11 अगस्त 1962 में बड़ा बाजार नैनीताल में हुआ था। बचपन से ही मेधावी और रंगमंच के शौकीन थे। प्रारंभिक शिक्षा प्राथमिक विद्यालय गौशाला और सीआरएसटी इंटर कालेज से इंटरमीडिएट की पढ़ाई की। डीएसबी से स्नातक व परास्नातक के साथ ही रंगमंच में अपनी प्रतिभा का हुनर दिखाने लगे। राष्ट्रीय नाट्य विद्यालय से स्नातक करने के दौरान उन्होंने नाटकों व फिल्मों में भाग्य आजमाना शुरू कर दिया। फिल्मी दुनिया में बिना गॉडफादर के सफलता की सीढिय़ां चढ़ते हुए निर्मल पाण्डे की पहली फिल्म इडियट थी, लेकिन यह परदे पर असफल रही। निर्देशक शेखर कपूर की फिल्म बैडिंट क्वीन में विक्रम मल्लाह की भूमिका ने शानदार अभिनय के लिए वे सुर्खियों में आ गये। इसके बाद उन्होंने दो दर्जन से अधिक फिल्मों में नायक व खलनायक की दमदार भूमिका के जरिये फिल्मी जगत में हलचल मचा दी। निर्देशक अमोल पालेकर की फिल्म दायरा में अभिनेत्री की भूमिका में निर्मल पाण्डे को फ्रांस का प्रतिष्ठित एक्ट्रेस अवार्ड भी मिला था। इस फिल्म को टाइम मैगजीन ने भी 1997 में सर्वश्रेष्ठ फिल्मों में शुमार किया था। पिता हरीश चन्द्र पाण्डे और माता रेवा पाण्डे के छह बच्चों में वे तीसरे नंबर के थे। उन्हें प्यार से नानू भी कहा जाता था। भीमताल में 1984 में सरकारी नौकरी भी लगी लेकिन उनके अभिनय के जुनून ने उन्हें मुंबई पहुंचा दिया। उनकी व्यक्तिगत जिन्दगी में भी कई उतार-चढ़ाव आये। उनका पहला विवाह प्रसिद्ध अभिनेता आमिर खान की चचेरी बहन अग्$जी कौशल से हुआ था लेकिन यह बहुत दिन तक स्थिर नहीं रहा। इसके बाद 2005 में उन्होंने लखनऊ निवासी टीवी कलाकार अर्चना से शादी की, जिससे जुड़वा बच्चे हैं। उनके नाटक भी देश में ही नहीं विदेशों में भी प्रसिद्ध हुये। इसमें जिन लाहौर नहीं देख्या व अंधायुग शामिल है। टीवी धारावाहिक हातिम में भी उनकी सशक्त भूमिका रही। उन्हें जज्बा एलबम के जरिए भी अच्छी प्रसिद्धि मिली।
निर्मल की कुछ प्रसिद्ध फिल्में
इस रात की सुबह नहीं
औजार
प्यार किया तो डरना क्या
 जहां तुम ले चलो
ट्रेन टू पाकिस्तान
शिकारी
गॉडमदर
वन टू का फोर
हम तुम पे मरते हैं
जीतेंगे हम
पगला
खफा
हद कर दी आपने

Tuesday, January 25, 2011

उत्तराखंड का लोक जीवन एवं लोक संस्कृति


पुस्तक समीक्षा

         अत्यंत खूबसूरत पहाड़ की पथरीली भूमि का संघर्ष पूर्ण जीवन भले ही अभावों से ग्रस्त था, लेकिन चिंता, तनाव, प्रतिस्पर्धा, भौतिक सुख-सुविधाओं की चकाचौंध से रहित था। कृषि व पशुपालन ही जीवन का आधार था। लोक जीवन के समस्त वैयक्तिक, सामाजिक एवं सांस्कृतिक क्रियाकलाप भी इन्हीं पर आधारित थे। विषम भौगोलिक परिस्थिति वाले भू-क्षेत्र उत्तराखंड के लोक जीवन का इतिहास 19 वीं शताब्दी से पहले के इतिहास से महरूम रहा है, लेकिन उत्तराखंड का लोकजीवन अब भी अभावों व सुविधाओं में घिस रहा है। इस लोकजीवन व लोकसंस्कृति का विस्तार से वर्णन किया है भाषाविद व संस्कृत के विद्वान प्रो.डीडी शर्मा ने। उत्तराखंड का 'लोक जीवन एवं लोक संस्कृतिÓ नाम से प्रकाशित पुस्तक के प्रथम खंड में आठ अध्याय है। प्रथम अध्याय में उन्होंने उत्तराखंड लोक जीवन की पृष्ठभूमि का वर्णन किया है। दूसरे अध्याय में यहां के लोगों की आवास व्यवस्था किस तरह रही और गांवों के विकसित होने की प्रक्रिया को दर्शाया है। अध्याय तीन में प्रो. शर्मा ने आजीविका के स्रोतों का जिक्र किया है। पहाड़ का लोक जीवन अपनी आवश्यकताओं की पूर्ति के लिए किस तरह का था और चिंता मुक्त होकर अपने लिए आवश्यकतानुसार समस्त संसाधन भी जुटा लेता था।
चौथे अध्याय में कृषकीय लोक जीवन और इससे जुड़ी परंपराओं अनुष्ठानों का भी उल्लेख किया गया है। पांचवे अध्याय में पशुपालकीय एवं पशुचारकीय जीवन का वृतांत है। छठे अध्याय में कृषक-पशुचारक वर्गीय नारी का लोकजीवन और पर्वतीय नारी की बेहद कठिन जिंदगी का सार है। सातवें अध्याय में लोक वेषभूषा है तो आठवे अध्याय में नारी के आभूषणों का वर्णन है। नौवे अध्याय में लोकजीवन के भोज्यव्यंजन एवं पेय पदार्थ व 10 वें अध्याय में रीतिरिवाजों को दर्शाया गया है।
दूसरे खंड के आठ अध्यायों में भी लोक सांस्कृति की विस्तृत वर्णन किया गया है। इसके साथ ही लोक संस्कृति का धार्मिक व सामाजिक महत्व भी समझाया गया है। इसके साथ ही लोक विश्वास आस्थाएं, अंधविश्वास की जानकारी भी दी गयी है। लेखक ने कुछ ऐसे कठिन शब्दों का इस्तेमाल किया है कि आम पाठक को समझाने में थोडा माथापच्ची करनी पड़ सकती है। फिर भी उत्तराखंड के विस्तृत लोकजीवन को समझाने के लिए भाषा का उपयोग सहज व सरल तरीके से किया गया है। इससे लगता है कि पुस्तक उनके लिए भी अनूठी साबित होगी जो पहाड़ की जिंदगी से लेकर देश-विदेश में पुन: मेहनत व लगन से नया आशियाना तलाश चुके है।
लेखक- प्रो. डीडी शर्मा
अंकित प्रकाशन, हल्द्वानी पुष्ठ- 406
कीमत 700 रूपये निर्धारित है।

शोध को समर्पित व्यक्तित्व प्रो. डीडी शर्मा को पद्श्री अवार्ड


उत्तराखंड पर लिखे हैं 30 से अधिक शोध ग्रंथ
 भाषा के मर्मज्ञ और शोध गं्रथों के लिए विख्यात प्रो. डीडी शर्मा को उनके मेहनत व समर्पण का फल देर से ही सही, लेकिन मिला। पहाड़ों व हिमालयों के जीवन और उसके इतिहास खोजने में जुटे रहने वाले विद्वान प्रो. शर्मा ने अब तक 57 शोध ग्रंथों के प्रकाशन कर देश में अपनी अलग पहचान कायम की।
भीमताल में 24 अक्टूबर 1923 को जन्मे प्रो. शर्मा वर्तमान में आनंद धाम नवाबी रोड में रहते हैं। उन्होंने आगरा से एमए किया। एसएस विश्वविद्यालय वाराणसी से साहित्याचार्य किया। बनारस हिन्दू विश्वविद्यालय से पीएचडी के अलावा डीलिट् की उपाधि भी उन्हें प्राप्त हुई। उन्होंने अध्ययन व शोध करते हुए संस्कृत के अलावा पाली, प्राकृत, हिन्दी, अंग्रेजी, फ्रेंच, जर्मन, पारसियन, नेपाली, पंजाबी, डोगरी, उर्दू आदि भाषाओं का ज्ञान हासिल किया। उत्तराखंड से संबंधित 28 शोध ग्रंथ का हिन्दी भाषा में प्रकाशन करने का अनूठा कार्य किया है। इसके अलावा उत्तराखंड ज्ञानकोष नाम से ऐसा ग्रंथ तैयार कर रहे हैं, जिसमें राज्य की संपूर्ण जानकारी समाहित है। इसके अलावा उन्होंने 56 अनुसंधान ग्रंथों एवं 200 से अधिक अनुसंधान पत्रों का प्रकाशन किया है। इसके लिए उन्हें जवाहर लाल नेहरू फेलोशिप, यूजीसी अमरेटस फेलोशिप, इंदिरा गांधी मेमोरियल फेलोशिप भी प्राप्त हुई है। इसी महीने उन्हें जीवन भर के उत्कृष्ट कार्य के लिए सरदार वल्लभ भाई पटेल फाउंडेशन दिल्ली की ओर से 2010 के इंटरनेशनल अवार्ड भी प्राप्त हुआ है। प्रो. शर्मा उत्तराखंड के पहले व्यक्ति थे, जिन्हें यह पुरस्कार प्राप्त करने का गौरव हासिल हुआ।
पंजाब विश्वविद्यालय के संस्कृत विभागाध्यक्ष पद से 1989 में सेवानिवृत प्रोफेसर हिमालयी क्षेत्रों में पश्चिम से लद्दाख, लाहौर, स्पिति, किन्नौर आदि क्षेत्रों से लेकर पूर्व में नेपाल, सिक्किम व भूटान तक के क्षेत्रों की दर्जनों तिब्बत-बर्मी परिवार की भाषाओं व संस्कृतियों का सर्वेक्षण एवं अध्ययन किया है। प्रो. शर्मा राष्ट्रपति पुरस्कार से लेकर तमाम राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय पुरस्कारों से नवाजे जा चुके हैं। पद्श्रमी के लिए चुने गये प्रो. शर्मा ने बताया कि नि:स्वार्थ भाव से किये गये कार्य का परिणाम हमेशा सकारात्मक होता है। इसलिए हर व्यक्ति को बिना किसी फल की इच्छा के अपने कार्य में लगे रहना चाहिये।
--------------------
उत्तराखंड पर हिन्दी माध्यम से लिखित कुछ ग्रंथ :-
1- कुमाऊंनी में आर्येतरांश, उत्तराखंड विकास निधि, अल्मोड़ा।
2- हिमालयी संस्कृति के मूलाधार, इरा प्रकाशन, सोलन।
उत्तराखंड का सामाजिक एवं सांस्कृतिक इतिहास- पांच खंड
3- परिचयखंड, उत्तरायण प्रकाशन, हल्द्वानी।
4- समीक्षा खंड, उत्तरायण प्रकाशन, हल्द्वानी।
5- संप्रदाय खंड, उत्तरायण प्रकाशन, हल्द्वानी।
6- समाजव्यवस्था खंड, उत्तरायण प्रकाशन, हल्द्वानी।
7- जातिव्यवस्था खंड, उत्तरायण प्रकाशन, हल्द्वानी।
8- हिमालय के खश, पहाड़ प्रकाशन, नैनीताल।
9- उत्तराखंड के लोक देवता, अंकित प्रकाशन, हल्द्वानी
10- उत्तराखंड के लोकोत्सव एवं पर्वोत्सव, अंकित प्रकाशन, हल्द्वानी।
11- उत्तराखंड का लोक जीवन, अंकित प्रकाशन, हल्द्वानी।
12- उत्तराखंड की लोकसंस्कृति, अंकित प्रकाशन, हल्द्वानी।